रायगढ़-जूटमिल क्षेत्र की महिलाओं का सब्र आखिरकार टूट गया। क्षेत्र में संचालित शराब भट्ठी के खिलाफ वर्षों से की जा रही अनदेखी और बढ़ती सामाजिक समस्याओं के विरोध में आज सुबह से सैकड़ों महिलाएं शराब दुकान के सामने धरने पर बैठ गईं। महिलाएं शराब दुकान को तत्काल बंद करने की मांग पर अडिग हैं।महिलाओं ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, इस शराब भट्ठी की वजह से हमारे परिवार बर्बाद हो रहे हैं, रोज़ क्षेत्र में लड़ाई-झगड़े, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। बच्चे सुरक्षित नहीं हैं, महिलाएं असहज महसूस कर रही हैं और माहौल पूरी तरह बिगड़ चुका है।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इस मुद्दे को लेकर वे पूर्व में कई बार प्रशासन से गुहार लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
नगर निगम की कार्रवाई के बाद भड़का विरोध

बता दें आज सुबह नगर निगम की टीम ने जूटमिल क्षेत्र में अवैध रूप से लगे ठेले-खोमचों को हटाया, जिसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने शराब भट्ठी हटाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया।
प्रशासन मौके पर पहुंचा, दी जा रही समझाइ

खबर लिखे जाने तक मौके पर आबकारी विभाग के उच्च अधिकारी और जूटमिल थाना प्रभारी प्रसांत राव अहेर पहुंचे हुए हैं और महिलाओं को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन महिलाएं अपनी मांग पर अडिग हैं या तो भट्ठी हटेगी या आंदोलन और उग्र होगा।
