रायगढ़-शहर के प्रमुख इलाके इतवारी बाजार में प्रस्तावित Oxyzone के खिलाफ विरोध की आवाज़ जोर पकड़ती जा रही है। इस पर कांग्रेस पार्षद संजय देवांगन ने नगर निगम और प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निगम का Oxyzone बनाने का निर्णय पूरी तरह से तानाशाहीपूर्ण है।
पार्षद संजय देवांगन ने सवाल किया कि जब नगर निगम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में कई Oxyzone विकसित किए हैं, तो अब इतवारी बाजार के बीचों-बीच Oxyzone बनाने का निर्णय क्यों लिया गया? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या निगम ने कभी पूर्व में बने Oxyzone में पेड़ों को पानी देने की कोशिश की है? अगर पहले के Oxyzone इस तरह से छोड़ दिए गए हैं, तो अब इतवारी बाजार में नया Oxyzone बनाने का क्या उद्देश्य है? क्या इसका मकसद केवल दूर-दराज से आने वाले किसानों और ग्रामीण व्यापारियों को परेशानी में डालना है, या फिर इतवारी बाजार को हटाने की कोई साजिश है?
देवांगन ने आरोप लगाया कि नगर निगम प्रशासन ने गार्डन क्षेत्र में कीचड़ फैला कर उसे गंदा कर दिया है, और उसकी देखरेख और सौंदर्यीकरण में पूरी तरह से असफल रहा है। उनका कहना था कि निगम की मंशा यह प्रतीत होती है कि यह गार्डन भी बर्बाद हो जाए। उन्होंने नगर निगम से अनुरोध किया कि इतवारी बाजार के अस्तित्व को यथास्थिति बनाए रखा जाए और इसे ऐसी योजनाओं से नुकसान न पहुंचाया जाए।